पुलिस कमिश्नरेट की टेक्नोलॉजी का कमाल: अभय कमांड ने लाइव ट्रैक कर पकड़वाया चोर
आधुनिक तकनीक व समन्वित पुलिस कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण

जोधपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जोधपुर पुलिस द्वारा संचालित अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर एक बार फिर अपनी सतर्कता और तकनीकी दक्षता के कारण चर्चा में रहा। सेंटर की निगरानी के चलते भदवासिया फल मंडी क्षेत्र में चोरी की वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया।अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारी एडीसीपी नरेंद्र चौधरी ने बताया कि 22 अप्रैल को सुबह करीब 8:50 बजे लाइव मॉनिटरिंग के दौरान कांस्टेबल फिरोज खान ने भदवासिया फ्रूट मंडी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखी। करीब एक घंटे की निगरानी में दोनों युवक लोडिंग टैक्सियों में पीछे से चढ़कर सामान उतारते नजर आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अत्याधुनिक वीएसआर तकनीक के माध्यम से तुरंत इवेंट क्रिएट कर डिस्पैचर को भेजा गया। इसके बाद संबंधित क्षेत्र की पीसीआर वैन को मोबाइल टर्मिनल डाटा के जरिए सूचना प्रेषित की गई। जीपीएस लोकेशन के आधार पर पीसीआर वैन मौके पर पहुंची, जहां एएसआई मोहनराम व उनकी टीम ने दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाना महामंदिर लाया गया है। इस पूरी कार्रवाई में अभय कमांड सेंटर की तत्परता, तकनीकी दक्षता और पुलिस टीम के समन्वय से समय रहते अपराध को रोका जा सका।
आमजन से अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि टैक्सी, टेंपो या ऑटो किराए पर लेते समय वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चालक का मोबाइल नंबर अवश्य नोट करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब, हथियार या मादक पदार्थों की जानकारी तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष (100/112) या व्हाट्सएप नंबर 9530440800 पर दें।