जोधपुर में “सद्बुद्धि” के लिए विशेष प्रार्थना आज़, विश्व शांति हेतु गूंजेगी हनुमान चालीसा

जोधपुर। जोधपुर में अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच एक अनोखी धार्मिक पहल सामने आई है। राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकृत संस्था सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा आज एक विशेष आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को “सद्बुद्धि” देने और विश्व शांति की कामना के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। यह आयोजन आज दोपहर 3:15 बजे मेहरानगढ़ किला रोड स्थित शुगालेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित होगा।
संगठन के प्रदेश सचिव जितेंद्र बोहरा ने बताया कि,इस कार्यक्रम की पहल संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित एस.के. जोशी और प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष एस्ट्रो पूजा शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि संकटमोचन हनुमान में अपार शक्ति होती है, जो अपने भक्तों की रक्षा करने के साथ-साथ दुश्मनों को भी सद्बुद्धि प्रदान करते हैं। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में जब कई देश चिंता और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, तब इस तरह की धार्मिक पहल के माध्यम से शांति और सद्भाव का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
सर्व ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित एस के जोशी ने बताया कि आज के समय में ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। हनुमान चालीसा का महत्व सदियों से माना जाता रहा है और यह विश्वास है कि हनुमान जी अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं। इसी आस्था के साथ यह सामूहिक पाठ आयोजित किया जा रहा है, ताकि विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके।
सर्व ब्राह्मण महासभा की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष एस्ट्रो पूजा शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में भूमित्र जोशी, प्रभांशु जोशी, अक्षिता राजपुरोहित, सुरेश शर्मा, खुशी शर्मा सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। सभी सदस्य उत्साह और समर्पण के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे हैं। सूर्यनगरी जोधपुर से उठी यह पहल धर्म के माध्यम से वैश्विक स्तर पर शांति और सद्भाव का संदेश देने का प्रयास मानी जा रही है।




